Saturday, August 2, 2008

श्रीलंका के सामने कठिन चुनौती

हरभजन सिंह और अनिल कुंबले की फिरकी के जादू के बाद बल्लेबाजों के सधे हुए प्रदर्शन की बदौलत भारत ने श्रीलंका के सामने दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन कठिन चुनौती पेश करने के लिए मजबूती से कदम बढ़ा दिए है।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में चार विकेट खोकर 200 रन बना लिए थे। अब उसकी कुल बढ़त 237 रन की हो गई जबकि उसके पास छह विकेट शेष है। भारत की ओर से सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण क्रीज पर मौजूद है जिन्होंने अभी अपने खाते नहीं खोले है।
पहली पारी के हीरो सहवाग ने एक बार फिर श्रीलंका के गेंदबाजों को खूब परेशान किया। सहवाग ने तेजी से अर्धशतक पूरा किया। हालांकि इसके बाद वह चमिंडा वास की गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में तिलकरत्ने दिलशान को कैच थमा बैठे। उन्होंने सिर्फ 52 गेंद पर छह चौके व एक छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। दूसरे सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने रन बनाने जारी रखे। उन्होंने द्रविड़ के साथ मिलकर 54 रन जोड़े। हालांकि वह 74 रन के निजी स्कोर पर अजंथा मेंडिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने दस चौके जमाए।
क्रीज पर आए मास्टर ब्लास्टर ने आते ही तेजी से रन जमाए। हालांकि वह बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 42 गेंद पर 31 रन बनाकर बनाकर चमिंडा वास के शिकार बने। काफी समय से असफल चल रहे द्रविड़ ने बेहतरीन बल्लेबाजी की लेकिन वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। उन्होंने मुथैया मुरलीधरन की गेंद पर पगबाधा होने से पहले 44 रन की पारी खेली।
इससे पहले हरभजन सिंह व अनिल कुंबले ने श्रीलंका को पहली पारी में 292 रन पर समेट दिया। इस प्रकार भारत को पहली पारी के आधार पर 37 रन की बढ़त मिल गई है। तीसरे दिन श्रीलंका की टीम सिर्फ 77 रन जोड़ पाई। जयवर्धने ने 188 गेंदों पर दस चौकों की मदद से सर्वाधिक 86 रन बनाए। भारत के लिए हरभजन ने सर्वाधिक छह और कुंबले ने तीन विकेट हासिल किए।
इससे पहले दूसरे दिन के नाबाद बल्लेबाज महेला जयवर्धने ने 98 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज प्रसन्ना जयवर्धने 24 रन बनाने के बाद हरभजन सिंह की गेंद पर वीवीएस लक्ष्मण के हाथों लपके गए। चमिंडा वास को कुंबले ने हरभजन के हाथों कैच कराकर इस टेस्ट सीरीज में अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद नुवान कुलशेखरा व जयवर्धने ने संभलकर खेलते हुए गेंदबाजों कोई मौका नहीं दिया और आठवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण 37 रन की साझेदारी की। भारत के लिए खतरनाक होती जा रही इस जोड़ी को कुंबले ने जयवर्धने को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर तोड़ा। इसके बाद कुंबले ने अजंथा मेंडिस को एलबीडब्ल्यू व हरभजन ने मुरलीधरन को गांगुली के हाथों कैच कराकर श्रीलंका की पहली पारी का अंत किया। कुलशेखरा 5 रन बनाकर नाबाद रहे।

No comments: