Sunday, June 7, 2009

भारत की जीत में युवी चमका

गौतम गंभीर [50] व युवराज सिंह [41] की शानदार पारियों और प्रज्ञान ओझा [4/21] की धारदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने ट्वंटी 20 विश्व कप के अपने पहले मैच में बांग्लादेश को 25 रन से मात दी। भारत ने बांग्लादेश के सामने 181 रन का लक्ष्य रखा था। मगर बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन ही बना सकी।

बांग्लादेश की टीम ने तेज शुरुआत की, मगर तीसरे ओवर में उसे पहला झटका लगा। तमीम इकबाल यूसुफ पठान की गेंद पर स्टंप हो गए। उस समय टीम का स्कोर 24 रन था। कप्तान मुहम्मद अशरफुल व जुनैद सिद्दिकी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए पांच ओवर में टीम का स्कोर 50 रन से ऊपर पहुंचा दिया। इस बीच अशरफुल [11] ईशांत शर्मा की गेंद पर गंभीर को कैच थमा बैठे। शाकिब उल हसन भी तेज खेलने में मैन ऑफ द मैच ओझा की गेंद पर स्टंप हो गए। एक समय बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 95 रन था। इसके बाद बांग्लादेश की टीम से जीत दूर होते चली गई। अंत में नईम इस्लाम ने 17 गेंद में 28 रन बनाकर जीत का अंतर जरूर कम करने की कोशिश की।

इसके पहले भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत काफी अच्छी रही। रोहित शर्मा व गंभीर ने पहले विकेट की साझेदारी में 59 रन जोड़े। इस बीच रोहित [36] शाकिब उल हसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। तीसरे नंबर पर धौनी खुद बल्लेबाजी करने आए, मगर उन्होंने संभलकर खेलते हुए 21 गेंद में 26 रन बनाए। इसके बाद युवराज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। युवराज ने 17 गेंद में तीन चौके व चार छक्के की मदद से 41 रन बनाए। सुरेश रैना ने भी आठ गेंद में 10 रन बनाए। अंतिम ओवर में इरफान पठान ने तीन गेंद में 11 रन बनाए और टीम का स्कोर 180 तक पहुंचाया।

बांग्लादेश की ओर से नईम इस्लाम ने दो विकेट झटके, जबकि रुबेल हुसैन, शहादत हुसैन व शाकिब उल हसन को एक-एक विकेट मिला।

No comments: