Sunday, May 4, 2008

चीन के खिलाफ हो कार्रवाई

राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन ने चीन पर व्यापार के अनुचित तौर तरीके अपनाने का आरोप लगाने के साथ ही चेतावनी दी है कि कम्युनिस्ट देश के खिलाफ कार्रवाई करने का समय आ गया है।
हिलेरी ने उत्तरी कैरोलिना में व्यापारियों के साथ एक रैली में हिस्सा लिया और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन का वादा किया। उन्होंने मंदी की आशंका के बावजूद औद्योगिक रोजगारों के विदेश में स्थानांतरित होने के चलन को समाप्त करने के लिए भी कार्रवाई करने का वादा किया।

न्यूयार्क की सीनेटर ने बीजिंग पर अपने हमलों को और तेज करते हुए कहा कि हमें चीन के मामले में सख्त होना पड़ेगा। हमें काफी समय पहले ही कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि इस देश ने हमें नुकसान पहुंचाने के लिए अपनी मुद्रा में हेरफेर किया, वे बड़े पैमाने पर बौद्धिक संपदा चोरी और औद्योगिक जासूसी में शामिल हैं। वे उन नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं जिनका उन्होंने विश्व व्यापार संगठन में शामिल होने के समय वादा किया था। हिलेरी ने कहा कि हमें इनसे बदले में क्या मिला। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा.. हां, हमें पालतू जानवरों का खराब भोजन मिला। हमें सीसा युक्त खिलौने मिले और खराब दवाइयां मिलीं।

उत्तरी कैरोलिना में मंगलवार को होने वाली महत्वपूर्ण प्राइमरी से पूर्व क्लिंटन ने चीन के संदर्भ में कहा कि यदि आप हमारे सहयोगी बनना चाहते हैं तो आपको समान नियमों का पालन करना होगा। दी अमेरिकन मैन्यूफैक्चरिंग ट्रेड एक्शन कोलिशन कहता है कि उत्तरी कैरोलिना में वर्ष 2001 से 2,11,000 नौकरियां समाप्त हो गई हैं। इसी प्रकार भारी उद्योगों के लिहाज से पारंपरिक रोजगार क्षेत्र माने जाने वाले गेस्तोनिया में इसी अवधि में 25 हजार से अधिक विनिर्माण नौकरियां चली गई हैं। चीन के बारे में हिलेरी का बयान उनके पति और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के दृष्टिकोण के एकदम विपरीत है, जिन्होंने चीन को अमेरिका के साथ स्थायी सामान्य व्यापार की पेशकश करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी और इसी के परिणामस्वरूप विश्व व्यापार संगठन में इस एशियाई देश के प्रवेश की प्रक्रिया में तेजी आई थी।

No comments: