Saturday, April 5, 2008

भारत को दक्षिण अफ्रीका ने बुरी तरह रौंदा

अहमदाबाद टेस्‍ट में भारत को दक्षिण अफ्रीका ने बुरी तरह रौंद दिया। पहली पारी में 418 रनों से पिछड़ी भारतीय टीम दूसरी पारी में 328 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह भारत को दक्षिण अफ्रीका ने एक पारी और 90 रनों से हरा दिया। भारत का कोई भी बल्‍लेबाज टिककर नहीं खेल सका। भारत की तरफ से सिर्फ सौरव गांगुली और महेन्‍द्र सिंह धोनी ने कुछ संघर्ष किया। गांगुली को 87 रनों के निजी स्‍कोर पर विवादास्पद निर्णय के जरिए आउट दे दिया गया।धोनी भी नतिनी के गेंद पर 52 रन के निजी स्‍कोर पर स्‍मिथ द्वारा कैच आऊट कर लिए गए। आउट होने से पहले गांगुली ने धोनी के साथ मिलकर 110 रन जोड़े। भारत ने इसी जोड़ी के सहारे 200 रनों का आंकड़ा पार किया। दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम की दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। पहली पारी के आधार पर द. अफ्रीका से 418 रनों से पिछड़ चुकी मेजबान टीम के तीन विकेट आज भी जल्दी-जल्दी गिर गए।भोजनकाल तक भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 97 रन ही बना पाई थी। तब वीवीएस लक्ष्मण और सौरव गांगुली क्रमश: 19 और 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे और भारत द. अफ्रीका से 321 रन पीछे था।इससे पहले भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सेहवाग पहली पारी की नाकामी को इस पारी में भी दूर नहीं कर पाए। छक्का लगाकर अपना खाता खोलने वाले सेहवाग ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाए। बीस गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 17 रन बनाकर वे मखाया एंटिनी की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। भारत अभी इस झटके से उबर भी नहीं पाया था कि राहुल द्रविड़ भी 17 रनों के निजी स्कोर पर मोर्न मोर्केल का शिकार बन गए। उन्हें एबी डिविलियर्स ने कैच आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया।इसके तुरंत बाद वसीम जाफर भी 19 रन बनाकर जैक्स कैलिस की गेंद पर डिविलियर्स को कैच थमाकर पवैलियन लौट गए।

1 comment: