Showing posts with label एशिया कप. Show all posts
Showing posts with label एशिया कप. Show all posts

Thursday, June 26, 2008

कराची में सहवाग का तूफान


टीम इंडिया ने कुछ दिन पहले ढाका में ट्राई सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान के हाथों मिली हार का मुकम्मल बदला कराची में ले लिया है। टीम इंडिया ने पाकिस्तानी बोलिंग अटैक की धज्जियां उड़ाते हुए महज 42.1 ओवर में चार विकेट खोकर 301 रन बना लिए। टीम इंडिया को जीत कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शानदार सिक्सर से मिली। इससे पहले गौतम गंभीर के जल्द आउट होने के बाद नंबर तीन पर बैटिंग करने भेजे गए सुरेश रैना ने धोनी को निराश नहीं किया और ओपनर वीरेंद्र सहवाग के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 198 रनों की पार्टरनशिप कर पाकिस्तानी मंसूबों पर पानी फेर दिया। चौथे विकेट के रूप में युवराज सिंह 48 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सोहेल तनवीर ने आउट किया। सहवाग कराची में जीत के लिए 300 रन का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने तीसरा विकेट खो दिया है, सहवाग 95 गेंदों में 119 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल कर आउट हुए। दूसरे विकेट के रूप में सुरेश रैना आउट हुए। सुरेश ने 69 गेंदों में 84 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्हें इफ्तिखार की गेंद पर फवाद ने आसान सा कैच लेकर पविलियन लौटाया। गौतम गंभीर के आउट होने के बाद वीरेंद्र सहवाग और सुरेश रैना जबर्दस्त बैटिंग का मुजाहिरा किया और पाकिस्तानी बोलिंग को चित कर दिया। टीम इंडिया ने तीसरे ओवर में ही पहला विकेट गंवा दिया था। गंभीर 9 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले कैप्टन शोएब मलिक की जबर्दस्त सेंचुरी की बदौलत पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 299 रन बनाए और भारत के सामने जीत के लिए 300 रन का टारगेट रखा। टॉस जीत कर पाकिस्तान ने जब बैटिंग शुरू की तो उनकी रन बनाने की रफ्तार काफी धीमी थी लेकिन दोनों ओपनर्स ने अपने-अपने विकेट संभालकर रखे। फिर कैप्टन शोएब मलिक ने हाथ खोलकर शॉट लगाने शुरू कर दिए और जल्द ही स्कोर रेट बढ़ा दिया। दूसरे विकेट के लिए शोएब और यूनुस ने जबरदस्त साझेदारी की। एक ओर विकेट भी नहीं गिरने दिया साथ ही रनों की रफ्तार भी बनी रही। लेकिन इसी बीच शोएब को उनके क्रैंप्स ने परेशान करना शुरू कर दिया और आखिरकार शोएब मलिक को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। शोएब 125 रन बना कर भारी मन से मैदान से बाहर चले गए। उनके जाते ही यूनुस भी आउट हो गए। यूनुस ने 59 रन बनाए। इससे पहले पाकिस्तान ने सलमान बट (35 रन) के रूप में पहला विकेट गंवाया, वह चावला का शिकार बने। मोहम्मद यूसुफ 30 रन बनाकर रनआउट हुए। शाहिद अफरीदी से आतिशी पारी की उम्मीद थी लेकिन उन्हें 8 रन के स्कोर पर आर. पी. सिंह ने चलता कर दिया। मिस्बा-उल-हक ने 26 गेंदों में 30 रन बनाकर तेज रन बनाए आखिरकार पाकिस्तान ने 50 ओवरों में 299 रन बना लिए।

Wednesday, June 25, 2008

पाकिस्तान को चेताया टीम इंडिया ने

हांगकांग के खिलाफ रनों का अंबार लगाने और नेशनल स्टेडियम की पिच से अच्छी तरह वाकिफ होने के बाद भारतीय टीम अब बृहस्पतिवार को एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण में बल्लेबाजों के दम पर बांग्लादेश में हुई त्रिकोणीय सीरीज में हार का बदला चुकता करने के लिए मैदान पर उतरेगी।
भारतीय बल्लेबाजों ने कमजोर हांगकांग के खिलाफ चार विकेट पर 374 रन का विशाल स्कोर खड़ा करके पाकिस्तानी गेंदबाजों को भी कड़ा संदेश दे दिया है। यह अलग बात है कि उसने यह रन एक कमजोर टीम के खिलाफ बनाए हैं लेकिन पाकिस्तानी कप्तान शोएब मलिक भारत के इस प्रदर्शन से काफी चिंतित हैं और उन्होंने कहा है उनकी प्राथमिकता भारतीय बल्लेबाजों को बड़े स्कोर बनाने से रोकना होगा।
मलिक ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि हम बृहस्पतिवार को जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाएंगे। भारतीय बल्लेबाजों को बड़े स्कोर बनाने से रोकना महत्वपूर्ण है। भारत इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम है और यदि हम उन्हें हरा देते हैं तो फिर हम एशिया कप जीत सकते हैं। भारत की तरफ से सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शतक जड़े जबकि वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने अच्छी शुरुआत देकर टीम के हौसले बढ़ा दिए हैं। दूसरी तरफ पाकिस्तानी बल्लेबाजी हांगकांग के खिलाफ शुरुआती मैच में लड़खड़ा गई थी जो उसके लिए चिंता का विषय है।
भारतीय टीम इस महीने के शुरू में बांग्लादेश में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान से हार गया था। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनकी टीम पर इसका दबाव नहीं रहेगा, लेकिन उन्हें बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हांगकांग के खिलाफ बीच के ओवरों का अच्छा इस्तेमाल करके भारत ने जतला दिया है कि वह अभी अपनी रणनीति को सही तरह से अमल में ला रहा है।

धोनी, रैना और सहवाग ने मचाया धमाल

नैशनल स्टेडियम कराची में टीम इंडिया ने हॉन्गकॉन्ग को 256 रनों से हराकर एशिया कप 2008 में शानदार आगाज़ किया। 375 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी हॉन्गकॉन्ग की टीम ने टीम इंडिया के सामने सरेंडर कर दिया और पूरी टीम 36.5 ओवर्स में 118 रन बनाकर आउट हो गई। पूरे मैच में हॉन्गकॉन्ग की टीम बैटिंग या बोलिंग किसी भी क्षेत्र में टीम इंडिया को टक्कर देना तो दूर उसके आसपास भी नहीं फटक पाई। बैटिंग में धोनी, रैना और सहवाग ने धमाल मचाया, तो बोलिंग में चावला का जलवा रहा। हॉन्गकॉन्ग की तरफ से इरफान अहमद ने 25, एटकिंस ने 23 और कप्तान तबारक डार ने 21 रन बनाए। इससे पहले नैशनल स्टेडियम कराची में धोनी,रैना, सहवाग और गंभीर ने चौकों व छक्कों की जमकर बरसात की और लोगों का भरपूर एंटरटेनमेंट किया। रैना और धोनी ने धमाकेदार सेंचुरी लगाई। रैना ने 101 और धोनी ने 109 रनों की नॉट आउट पारी खेली। धोनी ने अपनी पारी के दौरान 6 छक्के लगाए तो रैना भला उनसे पीछे क्यों रहते। उन्होंने धोनी से एक अधिक मतलब 7 छक्के लगाए। दोनों ने चौथे विकेट की पार्टनरशिप में 166 रन जोड़े। रॉबिन उथप्पा 15 रन बनाकर नॉट आउट रहे। हॉन्गकॉन्ग की तरफ से नजीब डार ने 2 विकेट लिए। इससे पहले भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग का फैसला किया। भारत की ओर से सहवाग और गंभीर ने ओपनिंग की। दोनों ने तेजी से रन बनाए और भारत को बेहतरीन शुरुआत दी। टीम का स्कोर जब 127 था तभी सहवाग आउट हो गए। उन्होंने सिर्फ 44 बॉल पर 78 रन बनाए। सहवाग ने 13 चौके और 2 शानदार छक्के भी लगाए। इसके बाद गौतम गंभीर आउट हुए। उन्होंने ने भी हाफ सेंचुरी लगाई। गंभीर को भी नजीब डार ने ही पविलियन भेजा। उनके बाद रोहित शर्मा के रूप में भारत का तीसरा विकेट गिरा। वे नदीम अहमद के थ्रो पर आउट हो गए। रोहित ने सिर्फ 11 रन बनाए।

Tuesday, June 24, 2008

हॉन्गकॉन्ग को करारी शिकस्त

सोहेल तनवीर ने बैट और बॉल से जोरदार खेल दिखाया

सोहेल तनवीर के शानदार खेल की बदौलत पाकिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग को एशिया कप के मुकाबले में 155 रनों से करारी शिकस्त दी है। पाकिस्तान के 288 रनों के जवाब में हॉन्गकॉन्ग की टीम 37.2 ओवर में 133 रनों पर ऑलआउट हो गई। सोहेल तनवीर ने बैट और बॉल से जोरदार खेल दिखाया। पहले संकट में घिरी पाकिस्तानी पारी को अपने बैट से सहारा दिया और फिर बोलिंग करते हुए दो विकेट लिए। हॉन्गकॉन्ग की ओर से कोई भी बैट्समैन अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। केवल कप्तान तबराक डार (24 रन) और जैन अब्बास (26 रन) पाकिस्तानी बोलिंग का कुछ हद तक सामना कर पाए। इससे पहले बाएं हाथ के ऑफ स्पिनर नदीम अहमद की बेहतरीन बोलिंग के सामने पाकिस्तानी पारी मुश्किलों में घिर गई थी। परेशानी में फंसे पाकिस्तान को फवाद आलम और सोहेल तनवीर ने हाफ सेंचुरी जमाकर बढ़िया स्कोर तक पहुंचाया। इन्हीं दोनों पारियों की बदौलत पाकिस्तान कमजोर हांगकांग के खिलाफ नौ विकेट पर 288 रन बनाने में कामयाब रहा। पाकिस्तान ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। एक समय पाकिस्तानी टीम का स्कोर सात विकेट पर 161 रन था और उस पर टूर्नामेंट की सबसे कमजोर टीम के सामने 200 से कम स्कोर पर सिमटने का खतरा मंडरा रहा था। यहीं से आठवें विकेट के लिए आलम (नॉटआउट 63) और तनवीर (59) ने 100 रन की पार्टनरशिप करके टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नैशनल स्टेडियम की पिच स्पिनरों को मदद कर रही थी, जिसका अपना दूसरा मैच खेल रहे नदीम ने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा 67 रन बनाने वाले यूनुस खान, मोहम्मद यूसुफ (28), मिस्बा उल हक (2) और शाहिद अफरीदी (4) जैसे धुरंधर बल्लेबाजों को पविलियन भेजा और कुल 51 रन देकर चार विकेट लिए। पाकिस्तान की शुरुआत ही खराब रही और सलामी बल्लेबाज सलमान बट को अफजाल हैदर ने पहले ओवर में ही आउट कर दिया। तब पाकिस्तानी टीम का खाता भी नहीं खुला था। कप्तान शोएब मलिक (35) और यूनुस ने यहीं से 67 रन की साझेदारी की।

बांग्लादेश का तूफान : संयुक्त अरब अमीरात को हरा दिया

बांग्लादेश ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में संयुक्त अरब अमीरात की टीम को 96 रन से हरा दिया। बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 300 रन बनाए। जवाब में संयुक्त अरब अमीरात की टीम 45.4 ओवर में 204 रन पर ही सिमट गई। संक्षिप्त स्कोर इस प्रकार है- बांग्लादेश 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन (मोहम्मद अशरफुल 109, रकिबुल हसन 83, तमीम इकबाल ने 40 रन, जेड. शाह ने 49/3 और के. खान ने 78/3)। संयुक्त अरब अमीरात 45.4 ओवर में 204 रन (खुर्रम खान 78, अर्शद अली 41, अब्दुर रज्जाक 20/3, आलोक कपाली 27/2, मेहमुदुल्ला 38/2)।

Monday, June 23, 2008

पाक जीत के इरादे से उतरेगा

मेजबान पाकिस्तान एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्‍घाटन मैच में मंगलवार को कमजोर हांगकांग को भारी अंतर से रौंदने के इरादे से उतरेगा। पाकिस्तान के ग्रुप 'बी' के इस मुकाबले में मैच शुरू होने से पहले ही जीत का दावेदार माना जा रहा है। इस ग्रुप की तीसरी टीम भारत है।हाल में ढाका में त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत के खिलाफ खिताबी जीत दर्ज करने से उत्साहित नजर आ रहे पाकिस्तानी कप्तान शोएब मलिक ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा कि घरेलू माहौल का हमें पूरा फायदा मिलेगा। इस उप महाद्वीप में विकेट सभी जगह एक जैसी हैं, इसलिए इस संदर्भ में हमारे लिए फायदे जैसी कोई बात नहीं है, लेकिन घरेलू समर्थन का हमें निश्चित रूप से फायदा मिलेगा। मलिक के अनुसार वैसे भी हमारे पास एक संतुलित टीम है, जिसमें टूर्नामेंट जीतने की क्षमता है। हांगकांग के कप्तान तबारक डार मूलतः पाकिस्तान के हैं और उनका मानना है कि उनकी टीम अपने ग्रुप के मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती देने की कोशिश करेगी। डार ने कहा हम पार्ट टाइम क्रिकेटर्स हैं, लेकिन हम यहाँ छुट्टियाँ मनाने नहीं आए हैं। हम किसी भी टीम से शर्मनाक पराजय का सामना नहीं करना चाहते। हम लड़ने की पूरी कोशिश करेंगें। पाकिस्तानी टीम में हालाँकि तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और शोएब अख्तर नहीं हैं। मलिक ने कहा युवा विकेटकीपर सरफराज अहमद पर भरोसा जताया, जिन्हें अनुभवी कामरान अकमल के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है। मलिक ने कहा सरफराज में निचले क्रम में बल्लेबाजी करने की क्षमता है और उन्हें विकेट के पीछे अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिला है।

एशिया कप का आगाज़ आज से

चार साल बाद मंगलवार से शुरू होने जा रहे एशिया कप में महादेश के उम्दा क्रिकेटर पैसों के लिए नहीं बल्कि देश के गौरव के लिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। पहले दिन बांग्लादेश का मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात से होगा, जबकि मेजबान पाकिस्तान कराची में हांगकांग से भिड़ेगा। छह देशों का यह टूर्नामेंट आखिरी बार 2004 में श्रीलंका में हुआ था लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक रिश्ते खराब होने की वजह से 1983-84 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट का आयोजन अभी तक आठ बार ही हो सका है। इस टूर्नामेंट के साथ ही भारत और पाकिस्तान के बीच पारंपरिक चिर प्रतिद्वंद्विता भी परवान चढ़ेगी, जो बांग्लादेश में हुए त्रिकोणीय सीरीज के दौरान शुरू हुई थी। पाकिस्तान ने तब भारत को फाइनल में शिकस्त देकर खिताब जीत लिया था। एशिया कप की असली लड़ाई भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच है, जबकि हांगकांग और संयुक्त अरब अमीरात के लिए तगड़े प्रतिद्वंद्वियों से रणनीति सीखने का मौका होगा। कुछ अपवाद छोड़ दें, तो बांग्लादेश भी अपने से बड़ी टीमों के सामने हथियार डाल देता है। लिहाजा वह भी अपनी छवि को सुधारने को बेताब होगा और कुछ कड़ी चुनौती देकर उलटफेर करने की कोशिश करेगा। विदेशी टीमों के सुरक्षा कारणों से दौरा करने में आनाकानी करने का जवाब देने के लिए पाकिस्तान चाहेगा कि अगले दो हफ्ते तक सब कुछ ठीक-ठीक चले। पासीबी सितंबर में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी के तौर पर एशिया कप की मेजबानी करेगा, जिसमें कुछ टीमों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में पहुंची टीम इंडिया ढाई साल बाद पाकिस्तान दौरे पर है, जिसने 2006 में यहां एक टेस्ट सीरीज खेली थी। त्रिकोणीय सीरीज की हार से बौखलाया भारत सिर्फ बदला लेने को आतुर नहीं होगा बल्कि वह खुद को महाद्वीप का पावरहाउस भी साबित करने की कोशिश करेगा।

Saturday, June 21, 2008

एशिया कप : पाक की तैयारी पूरी

पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक मंगलवार से शुरू हो रहे एशिया कप में कोई गलती नहीं चाहते हैं। इसलिए उन्होंने अपनी टीम को आगाह किया है कि वह बांग्लादेश में हाल ही में खत्म त्रिकोणीय श्रृंखला जीतने के बाद इस घरेलू श्रृंखला में कोई कोताही न बरते।मलिक ने स्वीकार किया कि वर्तमान समय में उनकी टीम पूरे आत्मविश्वास से भरी हुई है क्योंकि उनके खिलाड़ी पाक में खेली जाने वाली श्रृंखला के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मलिक ने कल यहां नेशनल स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, “इसमें कोई शक नहीं कि बांग्लादेश में मिली जीत से हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। लेकिन एशिया कप पूरी तरह से एक अलग तरह का टूर्नामेंट होगा और इसमें हमें नए सिरे से शुरुआत करनी होगी।” उन्होंने कहा कि हालांकि हाल के प्रदर्शन और घरेलू श्रृंखला होने के कारण उनकी टीम को एशिया कप का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है लेकिन इसमें जीत इतनी आसान भी नहीं मलिक ने कहा कि, “हम एशिया कप के हर एक मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करेंगे चाहे हम किसी भी टीम के खिलाफ खेल रहे हों। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय टीम एक खतरनाक टीम है उसने इस साल ऑस्ट्रेलिया को हराया है। इसलिए हम उसे हराने के लिए अपना पूरा दम लगा देंगे। हालांकि हम श्रीलंकाई टीम को भी हल्के में नहीं ले सकते।”

Friday, June 20, 2008

एशिया कप में हैं बराबर मौका : मलिक

पाकिस्तानी कप्तान शोएब मलिक का मानना है कि आगामी एशिया कप में कोई भी टीम प्रबल दावेदार नहीं है जिसमें पाकिस्तान, भारत और श्रीलंका के पास खिताब जीतने के लिए बराबरी का मौका है।
मलिक ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्टेडियम में पत्रकारों को बताया कि मैं यह नहीं कहूंगा कि कोई टीम दावेदार है। भारत एक मजबूत और संतुलित टीम है लेकिन त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में हमने दिखा दिया कि उन्हें हराया जा सकता है। एशिया कप में भी ऐसा ही होगा। मुझे लगता है कि यह एक करीबी टूर्नामेंट होगा। पाकिस्तान के बीस संभावितों ने अनुकूलन शिविर में ट्रेनिंग शुरू की लेकिन इसमें अनुभवी विकेटकीपर कामरान अकमल शामिल नहीं थे क्योंकि उन्हें संभावितों में नहीं चुना गया। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने अकमल की जगह सरफराज अहमद को अपनी काबिलियत साबित करने मौका दिया है।
अपनी सरजमीं पर खेलने के बारे में मलिक ने कहा, इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के लिए सिर्फ एक फायदा होगा कि वह घरेलू सरजमीं पर खेलेगा। उन्होंने कहा, इसके अलावा तीनों टीमें संतुलित हैं और अपने दिन जीत दर्ज कर सकती है। कराची में साल के इस समय रात में भी ओस की कोई समस्या नहीं है इसलिए पिच से भी कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा, उन्हें 28 जून से होने वाले सुपर चार चरण के मैचों में बड़े स्कोर की उम्मीद है। उन्होंने कहा, 26 जून को भारत के खिलाफ होने वाला मैच निश्चित रूप से काफी महत्वपूर्ण होगा।
अकमल को टीम में शामिल किए जाने पर अपने समर्थन के बारे में मलिक ने कहा, यह सच नहीं है। मुझे लगता है कि हर खिलाड़ी को पता है कि वह टीम में अपना स्थान तभी बना सकता है जब वह अच्छा प्रदर्शन करेगा। टीम में स्थान के लिए काफी प्रतिस्पर्धा है।

हो जाओ तैयार

आ गया एशिया कप : २४ जून से शुरु होगा कस ले कमर

Thursday, June 19, 2008

एशिया कप से अकमल बाहर

पाकिस्तानी चयनकर्त्ताओं ने अनुभवी विकेटकीपर कामरान अकमल को अगले हफ्ते शुरू होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए टीम से हटा दिया है।अकमल को अल्प प्रशिक्षण शिविर के लिए चुने गए 20 खिलाड़ियों की सूची से हटाया गया है। इस सूची से फिर एशिया कप के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम चुनी जाएगी। एशिया कप का आयोजन 24 जून से 6 जुलाई तक पाक में होना टूर्नामेंट में भाग लेने वाले अन्य देश भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात और हांगकांग हैं।26 वर्षीय अकमल 2004 से लगातार पाक टीम के सदस्य बने हुए थे। हालांकि पिछले साल उन्हें तीन एकदिवसीय मैचों में विश्राम देकर युवा विकेटकीपर सरफराज अहमद को आजमाया गया था।

एशिया कप : किस का मुकाबला किस के साथ

तारीख मैच
24 जून (ग्रुप ए) बांग्लादेश बनाम संयुक्त अरब अमीरात(गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)
24 जून (ग्रुप बी) बांग्लादेश बनाम हांगकांग (नेशनल स्टेडियम, कराची)
25 जून (ग्रुप ए) बांग्लादेश बनाम श्रीलंका(गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)
25 जून (ग्रुप बी) भारत बनाम हांगकांग (नेशनल स्टेडियम, कराची)
26 जून (ग्रुप ए) संयुक्त अरब अमीरात बनाम श्रीलंका(गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर)
26 जून (ग्रुप बी) भारत बनाम पाकिस्तान (नेशनल स्टेडियम, कराची)
28 जून ग्रुप ए2 - ग्रुप बी2 (नेशनल स्टेडियम, कराची)
29 जून ग्रुप ए1 - ग्रुप बी1 (नेशनल स्टेडियम, कराची)
30 जून ग्रुप ए1 - ग्रुप ए2 (नेशनल स्टेडियम, कराची)
2 जुलाई बी 1 - बी 2(नेशनल स्टेडियम, कराची)
3 जुलाई ए 1 - बी 2 (नेशनल स्टेडियम, कराची)
4 जुलाई ए 2 - बी 1 (नेशनल स्टेडियम, कराची)
6 जुलाई फाइनल(नेशनल स्टेडियम, कराची)